पॉवर कलेक्टर की : मानवता के दुश्मन निजी हॉस्पिटल पे योगी सरकार के फुर्तीले डीएम का असरदार एक्शन ! जनसुनवाई में शिकायत पे हाथोंहाथ सुपरफास्ट एक्शन ! हॉस्पिटल संचालक व डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर कराते ही सीज कराया हॉस्पिटल ! सीएमओ की मॉनिटरिंग में दो सदस्यीय जांच टीम गठित
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। सिस्टम में बैठे अफसर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा लें तो फिर लोकतान्त्रिक व्यवस्थाओं पे आम जनमानस का भरोसा और मजबूत हो जाता है। शासन की लोक कल्याणकारी मंशा भी ऐसे एक्टिव अफसरों की वजह से कारगर साबित होती है। शनिवार को सुपरफास्ट एक्शन लेने का उदाहरण बने उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के डीएम अविनाश सिंह। अब चर्चा में है बेहद संवेदनशील प्रकरण, कलेक्टर का एक्शनमोड अंदाज व पीड़ित की बगैर देरी सुनवाई। जनसुनवाई के दौरान शनिवार को बरेली डीएम अविनाश सिंह के संज्ञान में आया कि ग्राम डहिया भोजीपुरा निवासी ताहिर खान की गर्भवती पत्नी का एवन हॉस्पिटल, भोजीपुरा में गैर जिम्मेदाराना तरीके से ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के दौरान ताहिर खान के बच्चे की डेथ हो गयी। आरोप है कि घोर लापरवाही पूर्ण हुए ऑपरेशन के बाद ताहिर खान की पत्नी की स्थिति हॉस्पिटल से घर आने पर बिगड़ गयी। दोबारा जब एवन हॉस्पिटल लेकर परिजन पहुंचे, तो महिला को बरेली भेज दिया गया। बरेली सिटी में दूसरे अस्पताल, जांच सेंटर में महिला को दिखाया गया। जांच में एवन हॉस्पिटल की घोर लापरवाही सामने आई। ऑपरेशन के बाद ब्लड सफाई का कपड़ा पेट में ही छोड़कर पेट की सिलाई कर दी गई, जिसके चलते अत्यधिक संक्रमण फैल गया। अब संक्रमण के चलते महिला की बच्चेदानी निकालनी पड़ी। महिला के पेट से ब्लड सफाई का कपड़ा भी निकला। इस पूरे प्रकरण की शिकायत पे तत्काल कलेक्टर अविनाश सिंह ने जिला प्रशासन के सबसे बड़े अफसर होने की भूमिका बेहतर ढंग से निभाने को असरदार कार्रवाई का चाबुक निकाल लिया। एवन हॉस्पिटल के मालिक, डॉक्टरों पर एफआईआर कराने के साथ ही कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से ये निजी हॉस्पिटल सीज करा दिया है। पूरे मामले में सीएमओ की मॉनिटरिंग में दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गयी है। जांच टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ लईक अंसारी व डॉ शैव्या प्रसाद को नामित किया गया है। डीएम बरेली अविनाश सिंह ने बताया कि किसी भी कीमत पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ये एक्शन सिर्फ नजीर ही नहीं है, भविष्य में यदि किसी ने भी इस तरह की लापरवाही की पुनरावृति की तो प्रशासन के एक्शन का हंटर ऐसे लापरवाहों, संवेदनहीन लोगों के वेलकम के लिए तैयार है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।