दिल्ली ब्लास्ट के बाद हाईअलर्ट पे यूपी : सीएम योगी ने डीजीपी राजीव कृष्ण से ली घटना की जानकारी ! मुख्यमंत्री से बात होते ही प्रदेशभर के फील्ड अफसरों समेत अन्य जिम्मेदारों को डीजीपी राजीव कृष्ण ने जारी किये कड़े दिशा निर्देश ! फुट पेट्रोलिंग, चेकिंग व सतर्कता का सिलसिला शुरू
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट के बाद समूचे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे के डीजीपी राजीव कृष्ण से पूरी घटना की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री से मिले निर्देशों के क्रम में यूपी डीजीपी ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के कप्तानों, रेंज व जोन प्रमुखों के साथ ही जीआरपी प्रमुख प्रकाश डी और खुफिया अफसरों को हाईअलर्ट मोड पर रहने, फील्ड में निकल फुट पेट्रोलिंग करने, संदिग्ध लोगों, संदिग्ध वस्तुओं की चेकिंग करने के बाबत दिशा निर्देश जारी किये हैं। खासकर रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। डीजीपी मुख्यालय ने बताया कि दिल्ली में हुई विस्फोट की घटना के दृष्टिगत प्रदेश में सुरक्षा, सतर्कता सुदृढ़ बनाए रखने के लिए डीजीपी ने सभी पुलिस अफसरों को फील्ड में निकलने, संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों, धार्मिक स्थलों का खुद भ्रमण करने व फुट पेट्रोलिंग करने, महत्त्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं अन्य संवेदनशील बिंदुओं की गंभीरता देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की फिर समीक्षा करने, थ्रेट असेसमेंट के अनुसार सुरक्षा स्तर तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वाहनों की चेकिंग, मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल, सिनेमा हॉल तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाली जगहों, भीड़भाड़ वाले केंद्रों पर सघन सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने ये भी कहा है कि चेकिंग व सतर्कता अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि आम जनता को अनावश्यक कोई असुविधा न हो। एटीएस, क्यूआरटी, बम निरोधक दस्ते एवं डॉग स्क्वॉड को एक्टिवमोड पे रखा जाये। फुट पेट्रोलिंग और एरिया डोमिनेशन बढ़ाया जाए। सीसीटीवी फीड्स का रीयल टाइम विश्लेषण किया जाये। स्थानीय खुफिया तंत्र, नागरिक सूचना नेटवर्क सक्रिय किया जाये। संदिग्ध व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों की त्वरित रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग हो। यूपी 112 पीआरवी निरंतर संवेदनशील स्थानों पर भ्रमणशील रहें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निरंतर निगरानी करते हुए हर इनपुट को गंभीरता से लिया जाये। अफवाह फैलाने वालों पर फौरन कठोर एक्शन हो। इस बीच, डीजीपी के निर्देश मिलते ही प्रदेश में पुलिस अफसर एक्शनमोड में आ गए हैं। फुट पेट्रोलिंग, चेकिंग व सतर्कता का सिलसिला जारी है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।