मौनी अमावस्या स्नान को लेकर योगी सरकार अलर्टमोड पे : एडीजी एलओ अमिताभ यश और गृह सचिव मोहित गुप्ता को भेजा गया प्रयागराज ! सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी तैयारियां देखीं आला अफसरों ने ! पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार संग माघ मेले में घंटों रहे आला अफसरान ! एडीजी कानून व्यवस्था व होम सेक्रेटरी को प्रयागराज में ही कैंप करने के निर्देश
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। मौनी अमावस्या पर यूपी के प्रयागराज माघ मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान करने उमड़ने की संभावना के बीच योगी सरकार ने प्रदेश के एडीजी एलओ अमिताभ यश व गृह सचिव मोहित गुप्ता को शनिवार में प्रयागराज भेजा है। दोनों आला अफसरों को प्रयागराज में ही कैम्प करने के निर्देश दिए गए हैं। मौनी अमावस्या स्नान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था पैदा ना हो। लॉ एंड ऑर्डर की समस्या सामने ना आये, इसके लिए पुलिस कमिश्नर प्रयागराज जोगेंद्र कुमार संग एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश और गृह सचिव मोहित गुप्ता ने माघ मेला प्रयागराज का दौरा किया। आला अफसरों ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, पुलिस बल तैनाती समेत अन्य अहम बिन्दुओं के बाबत व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया। संगम नोज से बोट के जरिये त्रिवेणी संगम घाट, अरैल घाट, झूसी घाट, किला घाट आदि प्रमुख घाटों एवं आईसीसीसी का निरीक्षण करने के बाद आला अधिकारियों ने हनुमान मंदिर, काली सड़क, काली घाट, पान्टून पुल, एरावत घाट, टीकर माफी, नगवासुकी, फाफामऊ क्षेत्रों के साथ साथ मेला क्षेत्र से श्रद्धालुओं के निकासी मार्ग का भी निरीक्षण किया। जिम्मेदारों को बड़े स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, सुचारु आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता पे रहे। मेला क्षेत्र से श्रद्धालुओं के निकासी मार्ग और अधिक सुगम बनाए रखे जायें। विशेष फोकस इस बात पर रहे कि कहीं भी किसी प्रकार का अवरोध या फिर मेला क्षेत्र में किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न ना होने पाए। आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस समेत अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय हो। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साइबर जागरूकता, खोया पाया केंद्र, सूचना तंत्र पूर्ण सुदृढ़ एवं प्रभावी रहे। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा समेत अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।