कानून का पालन कराने कानून के रखवाले उतरे सड़कों पे ! एडीजी रमित शर्मा की अगुवाई में मंडलायुक्त-डीआईजी, एसएसपी ने की फुट पेट्रोलिंग ! रेलवे जंक्शन पर चला विशेष चेकिंग अभियान
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। साल 2026 की दस्तक से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने यूपी के बरेली शहर में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने फुट पेट्रोलिंग की। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा की अगुवाई में मंडलायुक्त बरेली मंडल भूपेंद्र एस चौधरी, डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सॉउथ अंशिका वर्मा, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एएसपी सोनाली मिश्रा, एएसपी ट्रेफिक मोहम्मद अकमल खान, सीओ सिटी फर्स्ट आशुतोष शिवम, सीओ एलआईयू विजय राणा समेत पुलिस प्रशासनिक अमले ने रेलवे जंक्शन समेत कोतवाली नगर व सुभाषनगर थाना इलाके में पैदल गस्त कर पब्लिक से संवाद स्थापित किया। आला अधिकारियों की मौजूदगी में रेलवे स्टेशन व भीड़भाड़ वाली जगहों पे डॉग स्क्वायड एवं एंटी सबोटाज टीमों ने बुधवार शाम संदिग्ध लोगों, वस्तुओं के बाबत चेकिंग अभियान चलाया। बरेली शहर में कई प्रमुख होटलों के साथ ही बरेली क्लब में थर्टी फर्स्ट व न्यू ईयर प्रोग्राम आयोजित किये गए हैं। प्रत्येक साल न्यू ईयर के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में भी जाते हैं। एडीजी ने बरेली शहर समेत जनपदभर में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम, सुदृढ़ यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जिम्मेदारों को दिए हैं। लोग कानून का पालन करते हुए नववर्ष उत्सव मनायें। नववर्ष उत्सव के बहाने किसी तरह की गैरकानूनी व समाजविरोधी घटना ना हो, इस संदर्भ में पुलिस प्रशासन अलर्टमोड पे है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।