डीजी पीसी मीना संग दीक्षांत समारोह में पहुंचे मिनिस्टर दारा सिंह ! आज प्रशिक्षण की समाप्ति नहीं बल्कि यह नई यात्रा, नई जिम्मेदारी और नए संकल्प की शुरुआत है : कारागार मंत्री
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। डॉ सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ में बुधवार को दीक्षांत परेड आयोजित की गयी। परेड समारोह में मुख्य अतिथि योगी सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चैहान ने प्रशिक्षु अधिकारियों, जेल वार्डरों को संबोधित किया। मंत्री ने कहा कि आज प्रशिक्षण की समाप्ति नहीं है बल्कि यह नई यात्रा, नई जिम्मेदारी और नए संकल्प की शुरुआत है। कारागार सेवा को केवल नौकरी नहीं बल्कि पवित्र दायित्व समझते हुए प्रशिक्षुओं को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, मानवता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि 1940 में बने डॉ सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान एशिया का पहला जेल प्रशिक्षण संस्थान है, जिसने अब तक 1,719 अधिकारियों और 13,277 जेल वार्डरों को प्रशिक्षित कर सेवा में योगदान देने का गौरवशाली इतिहास बनाया है। इस संस्थान से भारत के साथ ही नेपाल, तंजानिया और सूडान जैसे देशों के कारागार कर्मी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जो इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है। दीक्षांत परेड में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ राज्य के 131 प्रशिक्षु शामिल हुए। उत्तर प्रदेश राज्य के आठ डिप्टी जेलर, छत्तीसगढ़ राज्य के तीन जेल अधीक्षक तथा छह सहायक जेल अधीक्षक और 114 प्रशिक्षु जेल वार्डर सम्मिलित रहे। प्रशिक्षुओं के अनुशासन, प्रशिक्षण की गुणवत्ता को चेक करने पे मंत्री ने बेहतर स्थिति पायी, जिसके लिए जिम्मेदारों की तारीफ की।छत्तीसगढ़ की अश्विनी पूजा तिर्की, उत्तराखंड की दिव्या चैहान को महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण बता सराहना की। इस मौके पर डीजी जेल सीनियर आईपीएस पीसी मीना भी मौजूद रहे। डीजी पीसी मीना ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आचरण नियम, नए आपराधिक कानून, जेंडर संवेदीकरण, ई-प्रिजन, मनोविज्ञान, अपराध शास्त्र, समाजशास्त्र और जेल मैनुअल जैसे विषयों पर गहन अध्ययन कराया गया है। शारीरिक दक्षता, अनुशासन को भी ट्रेनिंग में खासी प्राथमिकता दी गई।समारोह के समापन अवसर पे मंत्री ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएँ दीं। कहा कि वे कारागार विभाग की कार्यप्रणाली में नए मानक स्थापित करें। अपने कार्य से समाज को यह संदेश दें कि कारागार सेवा न्याय, सुधार और मानवता का आधार है। कार्यक्रम में कारागार विभाग के कई जिम्मेदार मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।