बेहतरीन सिपाही भर्ती परीक्षा का गिफ्ट मिला सीनियर आईपीएस राजीव कृष्ण को, बने भारत के सबसे बड़े पुलिस बल के बॉस ! सीएम योगी का जताया आभार ! कायम रहेगी खाकी की हनक ! यूपी में कानून का राज मतलब कानून का राज ! गुंडों-माफियाओं की जगह जेल : राजीव कृष्ण
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी कॉडर के 1991 बैच के सीनियर आईपीएस राजीव कृष्ण को देश के सबसे बड़े पुलिस बल का बॉस बनाया गया है। पुलिस भर्ती बोर्ड प्रमुख व विजिलेंस चीफ राजीव कृष्ण यूपी के नये डीजीपी नियुक्त हुए हैं। पुलिस महकमे में चर्चा है कि उत्तर प्रदेश में साठ हजार से ज्यादा सिपाहियों की सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा बेहतर ढंग से सम्पन्न कराने का गिफ्ट योगी सरकार ने राजीव कृष्ण को यूपी पुलिस कप्तान बनाकर दिया है। तभी तो ग्यारह सीनियर अफसरों को सुपरसीड कर राजीव कृष्ण की पुलिस प्रमुख पद पे ताजपोशी हुई है। गौतमबुद्धनगर निवासी राजीव कृष्ण के डीजीपी बनने से पहले शनिवार शाम तक प्रशांत कुमार के सेवा विस्तार की जोरदार चर्चा हावी रही। सीएम योगी से प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार देने की माँग तक हुई। यूपी और केंद्र में विभिन्न महत्त्वपूर्ण पदों पे तैनात रह चुके राजीव कृष्ण दो बार प्रेसिडेंट गैलेंट्री अवॉर्ड से नवाजे जा चुके हैं। भारत के सबसे बड़े राज्य का पुलिस सुप्रीमों बनने पर राजीव कृष्ण को बधाइयाँ मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। पुलिस सेवा में राजीव कृष्ण का अभी काफी लम्बा टाइम है। इस बीच, नये डीजीपी राजीव कृष्ण ने नई जिम्मेदारी के लिए उत्तर प्रदेश के फायर ब्रांड सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री जी व प्रदेश सरकार ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस भरोसे पे पूरी तरह खरा उतरते हुए शासन की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर पूरे मनोयोग से काम किया जायेगा। यूपी में कानून का राज इसी तरह आगे भी कायम रहेगा। लॉ एंड ऑर्डर से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं होगा। गुंडों, माफियाओं की जगह जेल होगी।(जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।