7 दिन में 9 रिश्वतप्रेमी सलाखों के पीछे : एडीजी के सत्यनारायणा ने की बड़ी विभागीय बैठक ! हरे हरे नोटों की चाह वाले सरकारी मुलाजिमों को अपने पंजे में जकड़ने को एक्शनमोड में एसीओ
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। सप्ताहभर में एक दो नहीं बल्कि कई महकमों में तैनात घूसखोर जिम्मेदारों ने हरे नोटों के लिए अपना ईमान बेच दिया। रिश्वतखोरों पे नकेल कसने को एडीजी एंटी करप्शन के सत्यनारायणा एक्शनमोड में हैं। शुक्रवार को एडीजी के सत्यनारायणा ने एसीओ मुख्यालय सिग्नेचर बिल्डिंग लखनऊ में डीआईजी एके चौरसिया, एसपी बी लाल, एएसपी श्रीमती आईपी सिंह समेत अन्य अफसरों संग बड़ी विभागीय बैठक कर निर्देश दिए कि प्रदेश शासन की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत सभी एसीओ यूनिट्स पूर्ण एक्टिव हो ट्रैप कार्रवाई करें। राज्यस्तरीय विभिन्न विभागों के रिश्वतखोरों की शिकायतें मिलते ही पूरी पारदर्शिता से एक्शन लिया जाए। प्रदेशभर के पीड़ित लोग 9454402484 पे रिश्वतखोरों की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सप्ताहभर के अंदर नौ घूसखोर अलग अलग मामलों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे किये गए हैं। एसीओ मुख्यालय ने जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज को बताया कि आठ सितम्बर में बदायूँ के सहसवान थाने के एसएसआई कमलेश सिंह यादव विवेचना में कार्रवाई करने के एवज में वादी से ही 12 हजार की रिश्वत लेते थाने से पकड़े गए। नौ सितम्बर में 4 रिश्वतखोर पकड़े गए। देवरिया में बीएसए ऑफिस का बाबू प्रदीप मिश्रा 25 हजार की घूस लेते धरे गए। निजी स्कूल की मान्यता कराने के बदले बाबू जी को घूस चाहिए थी। अमरोहा में चकबंदी लेखपाल उत्तम बालियान जमीनी रिपोर्ट लगाने के नाम पर 20 हजार व सिद्धार्थनगर में राजस्व निरीक्षक यानी कानूनगो भोलानाथ चौधरी नक्शा दुरुस्त करने के एवज में 20 हजार लेते गिरफ्तार हुए। मैनपुरी में खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए 5 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के पेट्रोलमैन जितेन्द्र कुमार की गिरफ्तारी हुई। ये सभी पांचों घूसखोर एक दिन के अंदर यानी 9 सितम्बर में ट्रैप हुए। दस सितम्बर में बरेली व अमेठी में ट्रैप हुए। 50 हजार की रिश्वत लेते बरेली में प्राथमिक विद्यालय म्यूडी खुर्द बिथरी की प्रधानाध्यापिका सरिता वर्मा पकड़ी गयीं। निर्माण कार्य के कमीशन के एवज में मैडम को हरे हरे नोट चाहिए थे। अमेठी में किसान की जमीन की रिपोर्ट लगाने के बदले 8 हजार लेते लेखपाल अमित कुमार पकड़ लिए गए। बारह सितम्बर में गोण्डा और उन्नाव में एसीओ ने कार्रवाई की। किसान से कृषि भूमि की रिपोर्ट लगाने के बदले 50 हजार लेते उन्नाव में महिला लेखपाल ममता प्रजापति पकड़ी गयीं। गोण्डा में भूमि पैमाइश की रिपोर्ट लगाने के बदले कानूनगो संजय शुक्ला 10 हजार लेते धरे गए। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।