डिजिटल वॉलिंटियर्स के सहयोग के चलते अमन के दुश्मनों पे समय रहते एक्शन लेने में सफलता मिलती है पुलिस प्रशासन को ! एडीजी जोन की डीवी वर्कशॉप में एसएसपी अनुराग आर्य बोले डिजिटल दौर में प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है डिजिटल वॉलिंटियर्स का महत्व
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा की ओर से आयोजित जोन स्तरीय डिजिटल वॉलिंटियर्स वर्कशॉप में एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने कहा है कि सोशल मीडिया के इस दौर में प्रतिदिन डिजिटल वॉलिंटियर्स का महत्त्व बढ़ता जा रहा है। समाज में शांति व्यवस्था स्थापित करने, बेहतर पुलिसिंग से लेकर क्राइम कण्ट्रोल व लॉ एंड ऑर्डर बनाये रखने में डिजिटल वॉलिंटियर्स के योगदान को नकारा नहीं जा सकता है। प्रदेश शासन और डीजीपी मुख्यालय के निर्देश पर बरेली जनपद में सभी थानों के डिजिटल वॉलिंटियर्स ग्रुप बने हैं, जिनकी मॉनिटरिंग सर्किल क्षेत्राधिकारी करते हैं। थाना प्रभारी से लेकर अन्य जिम्मेदार डिजिटल वॉलिंटियर्स ग्रुप से जुड़े हुए हैं। पुलिस मित्र, पीस कमेटी सदस्यों के बाद अब डिजिटल वॉलिंटियर्स पुलिस परिवार का वो हिस्सा हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में हर संभव सहयोग प्रदान करते हैं। ड्रोन चोरों की अफवाहों से लेकर तमाम संवेदनशील मौकों पर डिजिटल वॉलिंटियर्स ने यूपी पुलिस का कदम कदम पे शांति व्यवस्था स्थापित करने में साथ दिया है। समाज में छुपे असामाजिक तत्वों के बारे में भी समय-समय पर डिजिटल वॉलिंटियर्स के जरिए पुलिस प्रशासन को जानकारी मिलती रहती है, जिससे पुलिस प्रशासन त्योहारों व जरूरी इवेंट्स से पहले अपना होमवर्क कर अमन के दुश्मनों पर समय रहते एक्शन ले लेता है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये पुलिस के सकारात्मक, जनहितकारी कार्यों का प्रचार प्रसार करने के साथ ही समाज में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में भी डिजिटल वॉलिंटियर्स अपना बेहतर सहयोग देते आये हैं। डिजिटल वॉलंटियर्स को एनसीआरपी पोर्टल एवं राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नम्बर 1930 के बारे में आर्य ने बताया। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।