यूपी डीजीपी एक्शनमोड में : सीतापुर पहुंचे पुलिस प्रमुख ने थाने का किया औचक निरीक्षण, मिशन शक्ति केंद्र का अवलोकन ! राजीव कृष्ण बोले क्राइम के खिलाफ जीरो टॉलरेंस मतलब जीरो टॉलरेंस ! रिश्वतखोर पुलिस वालों की खैर नहीं
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण इन दिनों एक्शनमोड में नजर आ रहे हैं। यूपी पुलिस मुखिया ने अब जिलों के दौरे की शुरुआत कर पुलिस व्यवस्था परखना शुरू कर दिया है। शनिवार को डीजीपी ने सूबे की राजधानी लखनऊ से सटे जनपद सीतापुर से फील्ड विजिट का आगाज कर दिया है। थाना नैमिषारण्य का औचक निरीक्षण करते हुए डीजीपी ने मिशन शक्ति केन्द्र, थाना कार्यालय, मेस, बैरक व साइबर हेल्प डेस्क का अवलोकन किया। पुलिस प्रमुख ने निरीक्षण के दौरान महिला सुरक्षा, स्वावलम्बन एवं साइबर अपराध नियंत्रण की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही मिशन शक्ति फेज फाइव के तहत तैनात पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण की जानकारी ली। पुलिस महानिदेशक ने सीतापुर के राजपत्रित अधिकारियों संग क्राइम कण्ट्रोल व लॉ एंड ऑर्डर के बाबत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिम्मेदारों को निर्देश दिए कि अपराध एवं अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति का शत प्रतिशत अनुपालन हो। मिशन शक्ति केन्द्रों पर पुलिसकर्मियों को आईजीओटी पोर्टल से शत प्रतिशत प्रशिक्षित किया जाए। साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई हो। साइबर संबंधी वित्तीय मामलों में खातों के शीघ्र फ्रीज की व्यवस्था हो। महिला सम्बन्धी अपहरण प्रकरणों में परामर्श व जागरूकता से अपराधों में कमी लाई जाए। अपराध पर जीरो टॉलरेंस के अतिरिक्त, मिशन शक्ति फेज फाइव के सभी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की भावना धरातल तक पहुँचायी जाये। हाल ही में डीजीपी ने वाहनों से वसूली मामले में घूसखोर पुलिस कर्मियों के सस्पेंशन की कार्रवाई कराकर सख्त संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। डीजीपी की समीक्षा बैठक में एडीजी लखनऊ जोन सुजीत पाण्डेय भी मौजूद रहे। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।