पुलिस पेंशनर्स की शिकायतें व समस्यायें लटकायीं तो कार्रवाई को रहें तैयार ! नौ जिलों के जिम्मेदारों को सप्ताहभर की मोहलत ! एडीजी रमित शर्मा ने किया अभिनन्दन
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। पुलिस पेंशनर्स से सम्बंधित लंबित प्रकरण व उनकी शिकायतें बेवजह लटकाने वाले जिम्मेदार कार्रवाई को तैयार रहें। सोमवार को यूपी पुलिस के एडीजी रमित शर्मा ने पुलिस पेंशनर्स की जोन स्तरीय गोष्ठी में बड़े स्पष्ट निर्देश विभागीय नोडल अफसरों को दिए हैं। जोन मुख्यालय बरेली में हाइब्रिड मोड में एडीजी रमित शर्मा के निर्देशन में आज गोष्ठी हुई। बदायूँ, शाहजहाँपुर, पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, सम्भल एवं अमरोहा जिलों के पुलिस पेंशनर्स अध्यक्ष और जनपदीय पेंशनर्स नोडल अधिकारी इस गोष्ठी का हिस्सा बने। पुलिस पेंशनर्स का अभिनन्दन करते हुए एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा बोले कि पुलिस पेंशनर्स हमारी समृद्ध विरासत हैं। हमारी जिम्मेदारी ही नहीं अपितु दायित्व है कि पुलिस पेंशनर्स की समस्यायें बेहद गंभीरता से लेकर निराकरण करें। एडीजी ने सभी नौ जिलों के जिम्मेदारों को सप्ताहभर की मोहलत देते हुए कहा है कि पेंशनर्स की सभी तरह की समस्याओं का निदान हो जाये। लापरवाही, उदासीनता पे सीधा एक्शन होगा। हर महीने पेंशनर्स की मीटिंग करने, पूर्ण सम्मान देने, लगातार समन्वय स्थापित करने, त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था एक्टिव रहने के कड़े निर्देश दिए हैं। जोनभर में साढ़े तीन हजार से ज्यादा यानी 3554 पेंशनर्स हैं। एडीजी रमित शर्मा पेंशनर्स के हित में पहले भी महत्त्वपूर्ण निर्देश जोनभर में दे चुके हैं। सोमवार को पेंशनर्स गोष्ठी के दौरान जनपद बरेली की एसपी सॉउथ आईपीएस अंशिका वर्मा भी मौजूद रहीं। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।