कुंवरगांव थाना क्षेत्र के एक तालाब में युवक का शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी
जे.आई.न्यूज/बदायूं:-
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव लाही फरीदपुर के पास गुरुवार को तालाब में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी,तालाब में शव उपलाने की बात फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गयी। स्थानीय लोगों ने कुंवरगांव पुलिस को शव के बारे में सूचना दी, सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वेदपाल सिंह पुलिसबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे,जहां पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।मृतक के शव की तलाशी के दौरान पुलिस को एक मोबाइल फोन बरामद हुआ जिसकी मदद से शव की पहचान पास के ही गाँव ललेई निवासी सत्यवीर पुत्र रामगोपाल (22 वर्ष ) के रूप में हुई ।जानकारी के अनुसार मृतक सत्यवीर दुगरैया गांव में मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता था,सत्यवीर सोमवार की सुबह दुगरैया अपनी दुकान पर जाने की बात कह कर घर से निकला था,लेकिन फिर उसके बाद घर नहीं लौटा,परिजनों ने गांव तथा रिश्तेदारी में काफी तलाश किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला,परिजनों ने बताया कि वे गुरुवार को थाने में तहरीर देने के लिए जा रहे थे कि तब तक तालाब से उसके शव मिलने की जानकारी हो गई।परिजनों की मानें तो सत्यवीर की हत्या करके शव को तालाब में फेंका गया है।स्थानीय लोगों में भी यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है ।
उक्त घटना के बिषय में थाना प्रभारी वेदपाल सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों के द्वारा घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई थी। युवक के शव की पहचान हो गई है। शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पायेगा और तभी अगली कार्रवाई की जाएगी।