दहगवां में बेखौफ चोरों का आतंक, रिटायर्ड उस्ताद के मकान से लाखों का माल साफ
बदायूं(जे०आई०न्यूज़) बताते चलें थाना जरीफनगर इलाके की नगर पंचायत दहगवां में बेखौफ चोरों ने एक रिटायर्ड उस्ताद के मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात अंजाम दे डाली। चोर रात की तारीकी में मकान के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के ज़ेवरात, लैपटॉप, मोबाइल और दूसरे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात से इलाके में खौफ का माहौल है।
मालूमात के मुताबिक, वार्ड नंबर-7 निवासी रिटायर्ड उस्ताद सुदर्शन लाल सक्सैना मंगलवार की रात अपने अहल-ए-ख़ाना के साथ घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से मकान में दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया।
मुतास्सिर परिवार के मुताबिक, चोर करीब 10 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, सोने का 'ॐ' लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और दूसरे कीमती ज़ेवरात लेकर फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब अहल-ए-ख़ाना की आंख खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद फौरन दहगवां चौकी पुलिस को इत्तिला दी गई।
इत्तिला मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मौका-ए-वारदात का जायज़ा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। मुतास्सिर परिवार ने चोरी हुए सामान की बरामदगी और मुल्जिमों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की तहकीकात जारी है और उपलब्ध सुबूतों की बुनियाद पर जल्द ही वारदात का खुलासा करने की कोशिश की जाएगी।