कूमिल लगाकर चोरों का धावा: दो कमरों को बनाया निशाना, लाखों के जेवर-नकदी लेकर फरार
संभल (जे.आई.न्यूज़): जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव मेहराजपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब सुबह उठे परिवार के लोगों ने घर के अंदर का मंजर देखा। चोरों ने रात के अंधेरे में मकान की पिछली दीवार में कूमिल (सेंध) लगाकर दो कमरों को निशाना बनाया और लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मेहराजपुर निवासी रामवीर पुत्र सोहनलाल के घर में यह वारदात हुई। घटना के समय घर में केवल उनका बेटा और बहू ही मौजूद थे, जबकि अन्य सदस्य रिश्तेदारी में गए हुए थे। बताया जा रहा है कि बेटा-बहू रात में बरामदे में पंखा चलाकर सो रहे थे। पंखे की तेज आवाज के कारण उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सुबह जब परिवार के लोग अंदर पहुंचे तो कमरों का नजारा देखकर दंग रह गए। बक्से टूटे पड़े थे, अलमारियां खुली हुई थीं और सामान पूरे कमरे में बिखरा पड़ा था। यह साफ तौर पर दर्शा रहा था कि चोरों ने पूरी योजना के साथ घर को खंगाला।
पीड़ित रामवीर के अनुसार, चोर सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए हैं।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। वहीं थाना जुनावई पुलिस ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने और घटना का खुलासा करने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है, और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है।