नगर पालिका परिषद नवाबगंज में नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न
बरेली (जे.आई. न्यूज़): जनपद के नगर पालिका परिषद नवाबगंज कार्यालय में नामित सभासदों के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. एमपी आर्य, नगर पालिका चेयरपर्सन प्रेमलता राठौर तथा चेयरपर्सन पति नीरेंद्र सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे समारोह की शोभा और बढ़ गई।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसडीएम उदित पवार ने नवनियुक्त नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ नव-नियुक्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
शपथ लेने वाले सभासदों में श्याम रस्तोगी, राज कुमार गुप्ता, विजय दिवाकर, राजकुमारी एवं अनिल चौधरी प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी सभासदों ने अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. एमपी आर्य ने नव-नियुक्त सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा, तभी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जा सकेगा।
वहीं नगर पालिका चेयरपर्सन प्रेमलता राठौर व उनके पति नीरेन्द्र सिंह राठौर ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए नवाबगंज को एक आदर्श एवं विकसित नगर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राम रतन, सभी निर्वाचित एवं नामित सभासद, कर्मचारीगण तथा नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जिससे नगर के विकास को लेकर नई उम्मीदें जागृत हुईं।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा नवनियुक्त सभासदों के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की गई।