एक्शनमोड में IPS अंशिका : यूपी की आंवला कोतवाली के आकस्मिक निरीक्षण में दिखाये कड़े तेवर ! रिक्रूट आरक्षियों को दिए पुलिसिंग के टिप्स ! हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी व लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पे जोर
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। आईपीएस अंशिका वर्मा एक्शनमोड में हैं।शनिवार को यूपी के बरेली जनपद के आंवला थाने का लेडी सिंघम ने आकस्मिक निरीक्षण किया। क्राइम कण्ट्रोल खासकर महिला सुरक्षा व साइबर क्राइम रोकने पे विशेष जोर दिया। लूट, चेन स्नेचिंग, छेड़छाड़ जैसे जरायम रोकने की मंशा के तहत अंशिका वर्मा ने सभी दारोगाओं, चौकी प्रभारियों के साथ ही थानेदार व सर्किल ऑफिसर को निर्देश दिए हैं कि संपर्क मार्गों से लेकर हाइवे तक सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे। इलाकाई स्कूल, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों, जिम सेंटरों तक कड़ी पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए। बरेली की एसपी सॉउथ अंशिका वर्मा ने थाना कार्यालय, बंदी गृह महिला, बंदीगृह पुरुष, मैस, मालखाना, शस्त्रागार, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, थाना परिसर, सीसीटीएनएस कक्ष का इंस्पेक्शन किया। थाना कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों क्राइम रजिस्टर, एचएस रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, जमानतदार सत्यापन रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, महिला अपराध रजिस्टर, बाल अपराध रजिस्टर, गुमशुदगी रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, बीट रजिस्टर, प्रशिक्षण रजिस्टर आदि का गहनता से निरीक्षण किया। थाना के सभी सीसीटीवी कैमरे चेक किये। विवेचनाओं और बहुस्तरीय प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए एसपी अंशिका ने जिम्मेदारों को निर्देश दिए हैं कि विवेचनायें समय रहते निस्तारित की जायें। अनावश्यक विवेचनाएं पेंडिंग ना रहें। सभी तरह के प्रार्थना पत्रों का समय रहते निस्तारण हो। रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। एसपी ने कहा है कि महिला संबंधी अपराध एवं गंभीर घटनायें घटित होने पे तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए। हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी, वांछित व वारंटी अभियुक्तों की शत प्रतिशत गिरफ्तारी, महिला पीड़िताओं समेत सभी फरियादियों से उच्च कोटि का व्यवहार अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। अंशिका वर्मा ने रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कायम कर उन्हें पुलिसिंग की तमाम बारीकियां बतायीं।(जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।