बिना रेडियोलॉजिस्ट चल रहा अल्ट्रासाउंड सेंटर! एसडीएम निधि शुक्ला के औचक निरीक्षण में खुली पोल, मचा हड़कंप
बरेली (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी)
जनपद की नवाबगंज तहसील क्षेत्र के क्योलड़िया कस्बे में संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर प्रशासनिक जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में पाया गया कि सेंटर बिना किसी रेडियोलॉजिस्ट अथवा योग्य डॉक्टर के संचालित हो रहा था, जबकि मौके पर कई मरीज भी मौजूद मिले।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम निधि शुक्ला ने संचालक से सेंटर के पंजीकरण, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कई वैध दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं करा सका। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पूरे मामले को गंभीरता से लिया।

सूत्रों के अनुसार, अल्ट्रासाउंड सेंटर में मशीनों के संचालन और रिकॉर्ड मेंटेनेंस को लेकर भी कई खामियां सामने आईं हैं।
इस दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. मुगीश एवं नायब तहसीलदार शोभित चौधरी भी मौजूद रहे और निरीक्षण की कार्रवाई में सहयोग किया।
एसडीएम निधि शुक्ला ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर संबंधित सेंटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना तय है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों में भी हड़कंप मच गया है। एसडीएम निधि शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने एसडीएम निधि शुक्ला की इस कार्रवाई की जमकर सराहना की। उनका कहना है कि यदि इसी प्रकार समय-समय पर प्रशासनिक छापेमारी होती रही तो स्वास्थ्य माफिया पर अंकुश लगेगा और आम लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित उपचार मिल सकेगा। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज़)