6 राज्य 6 से ज्यादा टीमें : अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर हुई घटना के चौथे दिन तक 2500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हुईं चेक ! देशभर के कुख्यात बदमाशों का डेटा खंगाल रही खाकी ! सुरक्षा, सख्त एक्शन का योगी का भरोसा
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। पुरानी पुलिस लाइन से सटे फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के वर्कआउट को यूपी पुलिस, यूपी एसटीएफ का 6 राज्यों से कनेक्शन जुड़ा हुआ है। गोल्डी बराड़ गैंग के गुर्गों तक पहुंचने को महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा पुलिस से यूपी पुलिस का लगातार संपर्क जारी है। यूपी पुलिस की दो स्पेशल टीमें राजस्थान व दिल्ली में हैं। कई इनपुट्स पे पुलिस टीमें काम कर रही हैं। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि अब तक ढाई हजार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किये जा चुके हैं। देशभर के कुख्यात अपराधियों का डेटा खंगालने में एक्सपर्ट्स की टीम लगी हुई है। विभिन्न बिन्दुओं के बीच लोकल व बाहरी बदमाशों के एंगिल पर भी टीमें काम कर रही हैं। सभी टीमों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यूपी पुलिस के मुताबिक, बरेली के कोतवाली अंतर्गत सिविल लाइन्स इलाके में स्थित दिशा पाटनी के घर 12 सितम्बर की दुस्साहसिक घटना के बाबत सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि फायरिंग कांड को अंजाम देने में जिस बाइक का इस्तेमाल हुआ है, उसकी नंबर प्लेट ढकी थी।एसएसपी ने दावा किया है कि काफी कुछ क्लू हाथ लगे हैं। टीमें निरंतर अलग अलग टास्क पे जुटी हैं। जल्द ही ये चुनौतीपूर्ण हाईप्रोफाइल केस वर्कआउट होगा। एसपी सिटी मानुष पारीक की अगुवाई वाली टीमें भी कई दिशाओं में काम कर रही हैं। यूपी पुलिस का कहना है कि अभिनेत्री के घर तक पहुंचने में कोई लोकल कनेक्शन तो नहीं, इस बारे में भी पड़ताल हो रही है। जिस तरह 11 सितम्बर की रात फायरिंग हुई फिर 12 सितम्बर को कई राउंड फायरिंग होना, इस बात के संकेत हैं कि 4 से 5 शूटर घटना कारित करने में रहे हों। हाल फिलहाल में महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान आदि राज्यों में कहीं भी पकड़े गए गोल्डी बराड़ गैंग या फिर इस गिरोह के सहयोगी बदमाशों के जरिये भी यूपी पुलिस व यूपी एसटीएफ अभिनेत्री के घर हुई घटना में संलिप्त बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। इस बीच, अभिनेत्री के पिता पूर्व पुलिस अफसर जगदीश सिंह पाटनी ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने फोन पर घटना की जानकारी ली। आश्वास्त किया कि यूपी सरकार उनके साथ खड़ी है। सुरक्षा, सख्त एक्शन का भरोसा दिया है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।