एमजेपी रुहेलखण्ड यूनिवर्सिटी बरेली के पूर्व वित्तीय अफसर राजेंद्र शर्मा संदिग्ध परिस्थिति में गायब ! 48 घंटे होने को आये, नहीं लगा कोई सुराग ! आईपीएस अनुराग आर्य ने सीसीटीवी खंगालने में जुटायीं पुलिस टीमें
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। रुहेलखण्ड यूनिवर्सिटी बरेली के पूर्व वित्तीय अफसर राजेंद्र कुमार शर्मा संदिग्ध परिस्थिति में गायब हैं। 48 घंटे बाद भी पूर्व लेखाकार का कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजन परेशान हैं। यूपी पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। बरेली शहर में प्रेमनगर थाना अंतर्गत इन्द्रानगर निवासी 61 वर्षीय राजेन्द्र कुमार शर्मा 12 फरवरी की शाम करीब 7 बजे घर से टहलने के लिए निकले थे, इसके बाद से वापस नहीं लौटे हैं। काफी तलाशने के बाद भी राजेंद्र कुमार शर्मा का कोई पता नहीं चल सका है। परिवार में चिंता, अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। पूर्व लेखाकार ने ब्लू जीन्स, मेहरून स्वेटर पहन रखा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र कुमार शर्मा हाथ में सफेद रंग का थैला लिए हुए हैं। पूर्व वित्तीय अफसर के बेटे वैभव कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि बारह फरवरी में काफी रात तक घर न लौटने पे सभी रिश्तेदारों, परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य व एसपी सिटी मानुष पारीक ने मामला संज्ञान में आते ही एसएचओ प्रेमनगर सुरेंद्र सिंह, आवास विकास चौकी प्रभारी शुभम सिंह संग पुलिस टीमों को सीसीटीवी कैमरे चेक करने में लगा दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र कुमार शर्मा धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय देखे जाते रहे हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों व गंगा स्नान स्थलों पर अब पुलिस राजेंद्र कुमार शर्मा को तलाशने की दिशा में कार्यवाही तेज करने जा रही है। पुलिस ने बताया कि बरेली, बदायूँ आदि जगह अस्पतालों से लेकर धर्मशाला, होटल आदि में भी खोजबीन की जायेगी। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।