भरी पंचायत दोहरे हत्याकांड के बरेली मामले से लेकर दिल्ली तक चर्चा में आये बदायूँ डबल मर्डर प्रकरण में आला अफसर एक्शनमोड में ! एडीजी पहुंचे इज्जतनगर, एसएसपी ने पुलिस लापरवाही पर दिए जाँच के निर्देश ! एसआईटी चीफ मंडलायुक्त ने डीआईजी संग किया मूसाझाग घटनास्थल का दौरा
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी के बरेली दोहरे हत्याकांड व बदायूँ डबल मर्डर मामले में आला अफसरान एक्शनमोड में हैं। इज्जतनगर थाना अंतर्गत रहपुरा चौधरी में भरी पंचायत में दिनदहाड़े हुए माँ-बेटे के डबल मर्डर मामले की गंभीरता समझ एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने सोमवार शाम एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक संग घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी ने पीड़ित परिवार से घटना के सभी पहलुओं पर बात की। पंचायत के दौरान मौजूद लोगों से भी दुस्साहसिक जरायम के बाबत जानकारी हासिल की। एडीजी ने जनपद पुलिस के जिम्मेदार अफसरों को निर्देश दिए हैं कि असरदार एक्शन लें। इस बीच, एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने दोहरे हत्याकांड मामले में एसपी ट्रेफिक मोहम्मद अकमल खान को पुलिस लापरवाही की जाँच के निर्देश दिए हैं। चर्चा है कि थाना पुलिस व यूपी 112 को इज्जतनगर विवाद की पहले ही जानकारी दे दी गयी थी। यदि समय रहते पुलिस एक्शन लेती तो दोहरे हत्याकांड को रोका जा सकता था। एसएसपी अनुराग आर्य ने दो टूक कहा है कि एसपी ट्रेफिक की जाँच रिपोर्ट आते ही लापरवाह पुलिस वाले कार्रवाई की जद से बच नहीं सकेंगे। दूसरी ओर दिल्ली तक चर्चा में चल रहे बदायूँ डबल मर्डर प्रकरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देश पर गठित एसआईटी के चीफ मंडलायुक्त बरेली मंडल भूपेंद्र एस चौधरी ने डीआईजी बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी, डीएम बदायूँ अवनीश रॉय, एसएसपी बदायूँ अंकिता शर्मा संग बदायूँ के थाना मूसाझाग क्षेत्रान्तर्गत एचपीसीएल प्लांट घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। एसआईटी चीफ भूपेंद्र एस चौधरी ने तकनीकी पहलुओं व साक्ष्यों को लेकर इंस्पेक्शन किया। एक एक बिंदु पर फोकस किया जा रहा है। एसआईटी चीफ भूपेंद्र एस चौधरी मामले में अपनी जांच रिपोर्ट शासन को भेजेंगे, जिसके बाद पूरे प्रकरण में आगे का एक्शन होना तय माना जा रहा है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।