आस्था बनी ठगी का हथियार: ''बालाजी दर्शन'' के नाम पर महिला से ठगी
बदायूं/सहसवान (जे.आई. न्यूज़):
कोतवाली सहसवान क्षेत्र में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आस्था का सहारा लेकर ठगों ने एक महिला को निशाना बनाया। “हनुमान जी के दर्शन” कराने का झांसा देकर ठग महिला के सोने के कुंडल लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर निवासी कृष्णा देवी किसी कार्य से विल्सनगंज बाजार आई थीं। इसी दौरान ब्लॉक के सामने दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान ठगों ने महिला से धार्मिक विषयों पर चर्चा की और पूछा कि क्या उन्होंने कभी “जात” की है। महिला द्वारा बालाजी की जात करने की बात कहने पर ठगों ने उन्हें अपने झांसे में ले लिया।
ठगों ने महिला को विश्वास दिलाया कि वे उन्हें बालाजी के साक्षात दर्शन करा सकते हैं। महिला उनकी बातों में आ गई। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को एक सुनसान स्थान पर ले गए और सोने के कुंडल उतारने को कहा, यह कहते हुए कि इन्हीं में बालाजी के दर्शन होंगे।
महिला ने भरोसा कर अपने कुंडल उतारकर दे दिए। ठगों ने उसे कुछ देर के लिए आंखें बंद करने को कहा। जैसे ही महिला ने आंखें बंद कीं, दोनों आरोपी कुंडल लेकर मौके से फरार हो गए।
आंखें खोलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।