डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में रेड क्रॉस सोसाइटी की बैठक सम्पन्न
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़): जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में रेड क्रॉस सोसाइटी की महत्वपूर्ण बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और जनहित से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि रेड क्रॉस समिति समाजसेवा और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने वाली एक महत्वपूर्ण संस्था है, इसलिए इसकी सभी गतिविधियों का संचालन पूर्ण पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी सभी सदस्यों को समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में रेड क्रॉस समिति के नवीन गठन को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति का नया गठन निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप समयबद्ध ढंग से कराया जाए। साथ ही समिति में समाजसेवा के प्रति समर्पित, सक्रिय एवं योग्य व्यक्तियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता एवं सेवाएं प्रभावी ढंग से पहुंचनी चाहिए तथा समिति की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं जनहितकारी बनाया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार, जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक राजेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी मुशाहिद अली समेत तमाम अधिकारी एवं समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।