नगर कुंवरगांव में उत्साह के साथ मनाया गया रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी
जे.आई.न्यूज/बदायूं: -
नगर कुंवरगांव समेत आसपास के गांव में रक्षाबंधन का त्योहार शनिवार को धूमधाम से मनाया गया।जहां सुबह से ही बहनों का भाइयों के घर पर पहुंचना शुरू हो गया। उन्होंने अपने भाई को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। भाइयों ने बहनों को दक्षिणा व उपहार देकर रक्षा का वचन दिया। रक्षाबंधन पर शहर के बाजारों में चहल-पहल रही। पूरा शहर त्योहार के रंग में रंगा नजर आया। राखी, कपड़े, साडियां, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर दिनभर भीड़ बनी रही। बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ-साथ कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां, हैंडमेड और विशेष डिज़ाइन वाली राखियों की खूब बिक्री हुई। छोटे बच्चों और युवतियों में आकर्षक राखियों को लेकर खास उत्साह देखा गया।घरों में सुबह से ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक कर आरती उतारी और मिठाई खिलाकर राखी बांधी। कुछ परिवारों में रिश्तेदार और सगे-संबंधी दूर-दराज से इस अवसर पर एकत्र हुए, जिससे त्योहार की खुशियां और भी बढ़ गईं। बच्चों में रक्षाबंधन को लेकर खास उत्साह देखा गया। वे रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर राखी बांधने और मिठाइयां खाने में मशगूल रहे। मिठाइयों और उपहारों की जमकर खरीदारी हुई।
रिपोर्ट-अमन रस्तोगी