सहसवान में अवैध जच्चा-बच्चा केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, कई केंद्र मिले बंद
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) सहसवान। नगर में संचालित कथित अवैध जच्चा-बच्चा केंद्रों एवं निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए अभियान के तहत एसीएमओ के नेतृत्व में टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई केंद्रों में हड़कंप मच गया और अधिकांश प्रतिष्ठान बंद मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही कुछ संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर दिए। कई स्थानों पर अस्पताल एवं क्लीनिक बंद मिलने के कारण टीम को जांच में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में लंबे समय से कुछ निजी केंद्रों के संचालन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
छापेमारी के बाद नगर में इस बात को लेकर भी चर्चा रही कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर क्या-क्या अनियमितताएं मिलीं और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों का कहना है कि यदि कोई संस्थान बिना आवश्यक मानकों एवं अनुमति के संचालित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पत्रकार संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मामले को गंभीर बताते हुए अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।