आर्य हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ! स्वास्थ्य सेवाओं में नई क्रांति की शुरुआत
बरेली (जे.आई.न्यूज़): जनपद के नवाबगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आज नव-निर्मित आर्य हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना एवं सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया और संस्थान को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और ऐसे संस्थानों की स्थापना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आर्य हॉस्पिटल क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा। अस्पताल के माध्यम से आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को अब गुणवत्तापूर्ण इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा रश्मि पटेल, सदस्य विधान परिषद कुंवर महाराज, जयपाल सिंह व्यस्त, हरि सिंह ढिल्लो, बरखेड़ा विधायक प्रवक्ता नन्द महाराज, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार, भदपुरा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर गंगवार, नगर पालिका परिषद प्रतिनिधि नीरेंद्र सिंह राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समारोह का माहौल उत्साह और हर्षोल्लास से भरा रहा, जहां उपस्थित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।