आईजीआरएस में प्रदेश में नंबर-1 बनी पीलीभीत पुलिस! एसपी सुकीर्ति माधव ने टीम को किया सम्मानित
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी):
जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पीलीभीत पुलिस ने आईजीआरएस पोर्टल की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने आईजीआरएस प्रभारी दीपक कमार समेत सभी कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदीय आईजीआरएस कार्यालय, समस्त सर्किलों एवं थानों पर आईजीआरएस कार्य देख रहे पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान एसपी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संतोषजनक निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके और जनता का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर और मजबूत हो।
एसपी सुकीर्ति माधव के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त प्रार्थना पत्रों का तेजी से निस्तारण किया गया। शिकायतों की मॉनिटरिंग, फीडबैक, सी-श्रेणी संदर्भों के निस्तारण, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त मामलों की कार्रवाई एवं फील्ड विजिट रिपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बेहतर कार्य करते हुए पीलीभीत पुलिस ने यह उपलब्धि हासिल की।
प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जनपद के 17 थानों ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।