रिक्रट महिला आरक्षियों के मामले में बड़ा एक्शन : कमांडेंट आनंद कुमार पर गिरी गाज ! डीजीपी राजीव कृष्ण की संस्तुति पे योगी सरकार ने किया सस्पेंड ! आरटीसी प्रभारी संजय रॉय भी निलंबित ! प्रदेशभर के जिम्मेदारों को डीजीपी के कड़े निर्देश
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। 26 वीं बटालियन पीएसी गोरखपुर की रिक्रट महिला आरक्षियों के प्रकरण का संज्ञान सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया है। सीएम की कड़ी नाराजगी व सख्त निर्देश पर मामले में कमांडेंट आनंद कुमार, प्लाटून कमांडर आरटीसी प्रभारी संजय रॉय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद व डीजीपी राजीव कृष्ण समेत शासन के वरिष्ठ अफसरों ने एडीजी पीएसी आरके स्वर्णकार से पूरे मामले की जानकारी लेने के साथ ही तत्काल एक्शन के निर्देश दिए। आनन फानन सम्बंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर बिजली आपूर्ति के साथ ही जलापूर्ति समस्या का निस्तारण किया गया। आईजी पीएसी डॉ प्रीतिंदर सिंह के मुताबिक, तकनीकी कारणों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ ही अस्थाई रूप से जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। मामले का संज्ञान लेकर तत्काल समाधान करा दिया गया है। बाथरूम में कैमरा लगाए जाने की बात जांच में पूरी तरह से निराधार और तथ्यहीन पाई गई है। महिला आरक्षियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले आरटीसी प्रभारी संजय राय को निलंबित कर दिया गया है। डीजीपी राजीव कृष्ण की संस्तुति पर इस पूरे मामले में शिथिल पर्यवेक्षण और लापरवाही के आरोप में 26 वीं बटालियन पीएसी गोरखपुर के कमांडेंट आनंद कुमार को तत्काल प्रभाव से प्रदेश शासन ने सस्पेंड कर दिया है। पीएसी मुख्यालय की ओर से कहा गया है कि अनुशासनहीनता करने वालों के साथ साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, 26 वीं बटालियन पीएसी गोरखपुर में ट्रेनिंग करने पहुंचीं महिला आरक्षियों ने बुधवार सुबह बिजली पानी समेत कई समस्याओं के अलावा बॉथरूम में कैमरे लगे होने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा, प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकरण का वीडियो वायरल होते ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पे ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। पूरे मामले को लेकर बेहद संजीदा डीजीपी राजीव कृष्ण ने गोरखपुर के इस प्रकरण में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित कराने के साथ ही साथ प्रदेशभर के ट्रेनिंग सेंटरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के अफसरों को निर्देश दिए। डीजीपी के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न ट्रेनिंग सेन्टरों की व्यवस्थायें देखने जिम्मेदारों ने दौरे किये। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने जनपद हाथरस पहुंच पुलिस लाइन में रिक्रट आरक्षियों का सम्मलेन किया। तमाम व्यवस्थायें परखीं। डीआईजी मुरादाबाद रेंज मुनिराज गोबू ने जनपद संभल पहुंच रिक्रट आरक्षियों की ट्रेनिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।