119 प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह : एशिया के पहले जेल प्रशिक्षण संस्थान में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के जेल अफसर तैयार ! बेहतर प्रशिक्षण के लिए कैबिनेट मंत्री ने डीजी जेल समेत पूरी टीम की सराहना की
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। रविवार में डॉ सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ में 119 प्रशिक्षुओं की पासिंग आउट परेड सम्पन्न हुई। सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। यूपी के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह में पहुंच प्रशिक्षुओं को नई जिम्मेदारियों का अहसास कराया। 119 प्रशिक्षुओं में 4 अधिकारी संवर्ग उत्तर प्रदेश, 115 जेल वार्डरों में 74 उत्तर प्रदेश एवं 41 उत्तराखण्ड के प्रशिक्षु परेड का हिस्सा बने। दीक्षांत समारोह में अधिकारी संवर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार डिप्टी जेलर उत्तर प्रदेश शशिकान्त को प्रदान किया गया। जेल वार्डर संवर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार सुश्री कविता जलाल टिहरी गढ़वाल उत्तराखण्ड के नाम रहा। दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि दीक्षांत परेड केवल प्रशिक्षण की समाप्ति नहीं है बल्कि नई जिम्मेदारियों और कर्तव्यों की शुरुआत है। कारागार विभाग केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सुधार और पुनर्वास की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाता है। अधिकारियों, कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशील व अनुशासित हो मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पूर्ण जिम्मेदारी से करना चाहिए। डीजी कारागार पीसी मीना ने बताया कि संस्थान की स्थापना 1 अगस्त 1940 में हुई थी। एशिया का पहला जेल प्रशिक्षण संस्थान है, जहाँ अब तक 1736 अधिकारियों एवं 13,391 जेल वार्डरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। 1287 अधिकारियों एवं कार्मिकों को रिफ्रेशर कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया है। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ हुए समझौते के तहत उत्तर प्रदेश के प्रशिक्षुओं को करेक्शनल सर्विसेज में स्नातकोत्तर डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं, जो कारागार विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। समारोह में एआईजी धर्मेंद्र सिंह, डीआईजी एससी शाक्य, प्रदीप गुप्ता, शैलेन्द्र कुमार मैत्रेय, वरिष्ठ जेल अधीक्षक रंग बहादुर पटेल आदि मौजूद रहे। कारागार मंत्री ने डीजी जेल पीसी मीना समेत उनकी पूरी टीम की बेहतर प्रशिक्षण सम्पन्न कराने के लिए सराहना की।(जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।