वर्दी पे दाग लगाने वालों पे एक्शन हंटर चर्चा में : यूपी के 8 जिलों में कार्रवाई ! बरेली में रेप की धाराएं डकार गए खाकी वाले ! बदायूँ में लूट हजम कर गयी वर्दी ! बुलंदशहर, हापुड़ व मेरठ के दागियों पे चल गया कलानिधि नैथानी का चाबुक ! अनुराग अंदाज में बदायूँ के बिगड़ैलों को सुधार रहीं अंकिता
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी में बरेली व बदायूँ से लेकर हरदोई, बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर, संभल, हापुड़ तक लापरवाह वर्दी वालों पे दे दनादन एक्शन महकमे में चर्चा में है। रेप जैसे गंभीर मामले की धारायें डकारने पर एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने विवेचक फर्स्ट एसआई रत्नेश कुमार व विवेचक सेकण्ड सचिन चौधरी, एफआईआर लेखक प्रवीण कुमार को सस्पेंड किया है। दो सप्ताह से अधिक पुराने मामले में चर्चा है कि सर्किल टू अंतर्गत सीबीगंज थाना से सम्बंधित प्रकरण में सुपरविजन ऑफिसर होने के नाते थानेदार व सीओ की भूमिका की जाँच भी करायी जा सकती है। ये विषय इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों पुलिस मुख्यालय लखनऊ में आयोजित पुलिस सम्मेलन में स्पष्ट कहा था कि किसी भी प्रकरण में पर्यवेक्षण अधिकारी अर्थात सीओ की जिम्मेदारी हर हाल में तय की जाए। पिछले पुलिस कप्तान डॉ ब्रजेश सिंह के जमाने से ताबड़तोड़ आपराधिक घटनाओं के लिए पहचाने जाने वाले बदायूँ जनपद में अब नयी एसएसपी अंकिता शर्मा भी अनुराग स्टाइल में बेलगाम जिम्मेदारों पर कार्रवाई का चाबुक चला रही हैं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दंपति से सप्ताहभर पहले लूट हुई। थानेदार, चौकी इंचार्ज और हल्का दारोगा मिलकर पूरी की पूरी घटना डकार गए। एसएसपी बदायूँ अंकिता शर्मा ने तीनों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी हरदोई अशोक मीना ने चर्चित शिल्पी कुशवाहा प्रकरण में घोर लापरवाही बरतने पे एसएचओ मल्लावां शिवाकांत पाण्डेय पर गाज गिरा दी है। शिवाकांत का सस्पेंशन कर डीआई बिठाई गई है। बुलंदशहर के खुर्जा इलाके में तीन दिन पहले हुए ट्रिपल मर्डर मामले में लापरवाही बरतने के चलते डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी की सख्ती पे एसएचओ समेत कई पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। बुलंदशहर नुमाइश मेले में डांस पार्टी में अराजकता फैलाने व नियम विरुद्ध तरीके से सालों से एक ही मेले में ड्यूटी करने वाले विवादित पुलिस कर्मी और बुलंदशहर डांस पार्टी पहुंच बवाल करने वाले हापुड़ के एसएसआई पर एडीजी मेरठ जोन भानू भास्कर व डीआईजी मेरठ रेंज नैथानी की टेढ़ी नजर है। एसएसआई समेत दोनों दागी वर्दी वालों की डीआई शुरू हो गयी है। एसएसआई का लोकेशन ट्रेस होते ही सारी सच्चाई उजागर हो जाएगी कि कैसे ऑन ड्यूटी दूसरे जिले में आयोजित नुमाइश मेले में एसएसआई मौजमस्ती की आड़ में बवाल करने जाता रहा है। कैसे ये दोनों वर्दी वाले अपने दोस्तों को खुश करने के लिए श्रृंगार रूम से खींचकर बारवाला को स्टेज पे जबरदस्ती डांस कराने की कोशिश करते हैं और इसके बाद भीड़ के हंगामे के बीच फैलती है मेले में अराजकता। तस्कर से घूस लेते मेरठ में एसीओ से ट्रैप हुए दारोगा छत्रपाल प्रकरण में डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने सर्किल सीओ पर डीआई बिठा दी है। लंबे समय से दारोगा तस्कर याराना चल रहा था? सीओ साहब ये कैसा पर्यवेक्षण कर रहे थे? दस अप्रैल को पूर्व पुलिस अफसर से अभद्रता मामले में एसएसपी सहारनपुर अभिनन्दन सिंह ने एसएचओ फतेहपुर विनय शर्मा पर एक्शन हंटर चलाते हुए लाइन हाजिर कर डीआई बिठा दी है। एसपी संभल कृष्ण कुमार विश्नोई ने एसएचओ संभल गजेंद्र सिंह समेत तीन लापरवाह थानेदार लाइन हाजिर किये हैं। हापुड़ में डीआईजी की कड़ी नाराजगी के चलते कुछ थानेदारों की थानेदारी छीन ली गयी है। लापरवाह थानेदारों को साइडलाइन किया गया है। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।