एएसपी आशुतोष शिवम की अगुवाई में बरेली ने अमरोहा को हराया ! अंतर्जनपदीय जोन स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में बरेली की प्रतिभा रही बेमिसाल ! पुलिस परिवार के खिलाड़ियों ने अब दुनियाभर में अपनी बेहतर परफॉर्मेंस का मनवाया लोहा : एडीजी रमित शर्मा
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। यूपी पुलिस की खेल प्रतिभाओं का आज समूची दुनिया में डंका बज रहा है। जोन पुलिस परिवार के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय पटल पर अपने बेहतर प्रदर्शन से पुलिस परिवार व अपनी खुद की फैमिली के साथ ही साथ देश का नाम रोशन किया है। मंगलवार को एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने उक्त विचार व्यक्त किये। मौका था जनपद बरेली में अंतर्जनपदीय जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह का। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि एडीजी जोन ने कहा कि हमारे पुलिस परिवार के खिलाड़ियों की प्रतिभायें निकट भविष्य में इंडियन क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर गौरव बढ़ायें, ऐसी कामना है। जोन पुलिस मुखिया ने विजयी प्रतिभागियों समेत सभी खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनायें दी हैं। इस मौके पर आईपीएस रमित शर्मा ने एसएसपी बरेली अनुराग आर्य संग खिलाड़ियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया। एसएसपी अनुराग आर्य ने खेल भावना के साथ पूर्ण अनुशासित तरीके से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनायें दीं। मुख्य अतिथि एडीजी जोन को एसएसपी ने स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। 28 नवंबर से शुरू हुई पाँच दिवसीय 26 वीं अंतर्जनपदीय बरेली जोन पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का डीआईजी बरेली रेंज अजय साहनी ने आगाज किया था। प्रतियोगिता में 9 जिलों की टीमों के मध्य टोटल 16 मैच हुए। फाइनल मैच बरेली जनपद की टीम ने एएसपी आशुतोष शिवम की अगुवाई में जीता। अमरोहा को 40 रन से हराकर बरेली ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। अवनीश चपराना सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी व बल्लेबाज, फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच कमल चंदेल, बेस्ट बॉलर अभिषेक गिल, बेस्ट फील्डर शशिकांत रहे। समारोह में एसपी सॉउथ अंशिका वर्मा, एएसपी सोनाली मिश्रा, एसपी क्राइम मनीष सोनकर, एसपी ट्रेफिक अकमल खान, सीओ हर्ष मोदी, रिटायर्ड सीओ अमरीक सिंह मौजूद रहे। संचालन रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने किया। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।