टंकी पर चढ़े युवक ने लगाया न्याय न मिलने का आरोप, 4 घंटे से चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें सहसवान तहसील परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां निवासी जितेंद्र उर्फ बंडा अपनी शिकायतों के निस्तारण की मांग को लेकर ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि उसकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके विरोध में उसने यह कदम उठाया।
युवक का कहना है कि गांव में ग्राम समाज की भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उसने इसकी शिकायत प्रशासन से की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद संबंधित व्यक्ति ने उसके लगभग 50 वर्ष पुराने पुश्तैनी मकान को ही ग्राम सभा की भूमि बताकर कार्रवाई कराने की कोशिश शुरू कर दी। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पूर्व उस पर हमला किया गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
घटना के बाद तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम और एम्बुलेंस भी एहतियातन तैनात कर दी गई। अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा।
करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन लगातार युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे रहे। अधिकारी उसे आश्वासन देते रहे कि उसकी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
फिलहाल प्रशासन युवक को समझाने में लगा है। मामले को लेकर राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी आवश्यक अभिलेखों की जांच कर रहे हैं। घटना के कारण तहसील परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा युवक की शिकायतों का विधिक रूप से निस्तारण कराया जाएगा।