नहीं चलेगी कोई बहानेबाजी, करनी होगी नियमित जनसुनवाई ! शिकायतों की जांच रिपोर्ट मिथ्या व भ्रामक हुई तो एक्शन तय : एडीजी रमित शर्मा ! हाईलेवल वीसी के जरिये थानेदारों, क्षेत्राधिकारियों, एएसपी से लेकर कप्तान-डीआईजी को जोन प्रमुख के कड़े निर्देश
लखनऊ (धर्मेंद्र रस्तोगी/जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)। रविवार को एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने हाईलेवल वीसी की। थानेदार, सीओ, एएसपी से लेकर कप्तान, डीआईजी स्तर के विभागीय जिम्मेदारों को वीसी में एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई, क्राइम कण्ट्रोल, लॉ एंड ऑर्डर, महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पे कोई कोताही नहीं चलेगी। आईजीआरएस शिकायतों के प्रभावी क्रियान्वयन, विशेष महिला सुरक्षा दल की पूर्ण सक्रियता, लगातार फुट पेट्रोलिंग, साइबर अपराध रोकने को वृहद जागरूकता, सभी तरह की जांचों में पक्ष, विपक्ष, निष्पक्ष स्लोगन पर काम करते हुए जांच आख्यायें भेजने पे जोर दिया है। एडीजी बोले कि शिकायतकर्ता की सन्तुष्टि, फीडबैक ही अधिकारियों के प्रदर्शन का वास्तविक पैमाना होगा। जनशिकायतों के समाधान में लापरवाही ना हो। थाना से लेकर अधिकारियों के स्तर पे नियमित जनसुनवाई हो। मिथ्या, भ्रामक रिपोर्ट लगाने वाले जांच अधिकारियों पे एक्शन तय है। लगातार मीडिया सुर्खियों में चल रहे गाजीपुर कांड के बीच आईपीएस रमित शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि थाना व किसी स्तर पर शिकायतकर्ताओं या फिर आवेदकों के साथ दुर्व्यवहार ना हो। महिला अपराधों से संबंधित मामलों में वांछित अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, संवेदनशील प्रकरणों में समय रहते कार्रवाई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी, विभिन्न त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। एडीजी के निर्देश पर वीसी के बाद जोनभर में एक साथ सड़कों पे निकल पुलिस फोर्स ने फुट पेट्रोलिंग की। डीआईजी बरेली रेंज अजय साहनी, एसएसपी बरेली अनुराग आर्य, एसएसपी मुरादाबाद सतपाल अंतिल, एसपी पीलीभीत अभिषेक यादव, एसपी बिजनौर अभिषेक झा, एसपी अमरोहा अमित आनंद, एसपी संभल कृष्ण विश्नोई, एसपी रामपुर विधा सागर मिश्र, एसपी शाहजहाँपुर राजेश द्विवेदी, एसएसपी बदायूँ ब्रजेश सिंह, जोनभर के 20 एडिशनल एसपी, 75 सीओ, 203 थानेदार, 259 आईजीआरएस टीमों के साथ ही 190 महिला सुरक्षा विशेष दल, 9 साइबर थाना, 9 जनपदीय साइबर सेल, 181 साइबर हेल्प डेस्क के जिम्मेदार एडीजी की वीसी से जुड़े। (जर्नलिस्ट इन्वेस्टीगेशन न्यूज)।