कुंवरगांव:गड्ढे दूर की बात,सड़क बनी तालाब,लोग परेशान,सिस्टम बना अंजान
जे.आई.न्यूज/बदायूं: -
नगर कुंवरगांव में साप्ताहिक बाजार चौराहे के निकट आंवला-बदायूं मार्ग की मुख्य सड़क तालाब और गड्ढों में तब्दील हो गई है,जिससे आवागमन करने वाले लोगों को हमेशा हादसा होने का खतरा बना रहता है,सड़क की हालत इतनी खराब है कि इसे सड़क कहना भी शायद गलत होगा. यह महत्वपूर्ण सड़क बडे तथा गहरे गड्ढों व जलभराव का एक अथाह सागर बन चुकी है. जिसमें हर दिन अनगिनत वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं. इन गड्ढों की वजह से सिर्फ गाड़ियों को ही नुकसान नहीं पहुंचता,बल्कि राहगीरों को भी अपनी जान का खतरा बना रहता है.
इस सड़क की बदहाली का एक बड़ा कारण भारी वाहनों का आवागमन भी है, बड़े तथा ओवरलोड वाहनों के गुजरने से इस सड़क की हालत और अधिक जर्जर हो गई है। जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और मिट्टी धंस गई है,आस पास के गांव व नगर के पढने वाले बच्चे तथा स्कूल वैन,साइकिल या पैदल इसी रास्ते से होकर अपने स्कूल जाते हैं.
कस्बे से आने-जाने वाले लोग इस मुख्य मार्ग की दुर्दशा को देख अनायास ही कह सकते हैं कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण अक्सर लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन स्थिति विपरीत है,इस सड़क की मरम्मत तक नहीं की जा रही है। यह सड़क जो कि नगर से साप्ताहिक बाजार तथा आंवला की तरफ जाने वाली सड़क है। हजारों लोगों को बाजार तक पहुंचाने वाली यह सड़क खुद अपनी दुहाई के दुखड़े पर आंसू बहा रही है, जिसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है इसके बावजूद अनदेखी की जा रही है।