नवाबगंज में दबंगों का तांडव! भाई बहन के साथ मारपीट, 05 पर मुकदमा दर्ज
बरेली (जे.आई.न्यूज़/अजय रस्तोगी)
जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम लाईखेड़ा में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं मोबाइल फोन तोड़ने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्राम लाईखेड़ा निवासी ओमचंद्र पुत्र नारायनलाल द्वारा थाना नवाबगंज में दी गई तहरीर में बताया गया कि 15 मई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने घर के सामने बैठे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और उनकी बहन के चेहरे पर टॉर्च की रोशनी डालने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार मारपीट में उसके पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी बहन भी घायल हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोप है कि घटना का वीडियो बनाए जाने पर आरोपियों ने मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रेमा, दिनेश, होरी, पूरन और मोहन निवासी ग्राम लाईखेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।