स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों का भव्य स्वागत, रैली निकालकर नामांकन के लिए किया जागरूक
सहसवान (बदायूं) (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें ब्लॉक दहगवां क्षेत्र के संविलियन विद्यालय में नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ पर “स्कूल चलो अभियान” के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता मयंक गुप्ता ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और बच्चों का तिलक लगाकर व फूल बरसाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान गत वर्ष के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
नए सत्र के पहले दिन विद्यालय में शिक्षकों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही बच्चे स्कूल पहुंचे, उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
रैली के माध्यम से शिक्षकों ने 6 से 14 वर्ष तक के वंचित बच्चों के अधिक से अधिक नामांकन पर जोर दिया और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।