लाखों के सौंदर्यीकरण के बाद भी अंधेरे में डूबा शहीद दामोदर पार्क, एक सप्ताह से अधिक समय से गुल हैं लाइटें
पीलीभीत (जे.आई.न्यूज़):
शहर के बीचोंबीच स्थित गैस चौराहा पर बने शहीद दामोदर पार्क का हाल इन दिनों बदहाल नजर आ रहा है। हाल ही में लाखों रुपये खर्च कर पार्क और चौराहे का सौंदर्यीकरण कराया गया था, जिसमें चारों ओर लाइटें और खंभों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई गई थीं। लेकिन कुछ ही समय में यह व्यवस्था ध्वस्त होती दिख रही है।
पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से पूरे चौराहे और पार्क की लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे क्षेत्र पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही है, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और विकास व सौंदर्यीकरण के नाम पर घोटाला किया गया है। नगर पालिका परिषद के चुने हुए सभासद भी कई बार इस मुद्दे को उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जनपद के अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि दामोदर दास एक स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। ऐसे में उनके नाम पर बने पार्क की यह स्थिति लोगों की भावनाओं को आहत कर रही है।
वर्तमान हालात को लेकर स्थानीय जनता में भारी रोष व्याप्त है और जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की जा रही है।