बिजली समस्या को लेकर नागपुर के ग्रामीणों ने विभाग को सौंपा ज्ञापन
बिसौली (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें ग्राम नागपुर के किसानों एवं ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था, घरेलू कार्यों तथा अन्य आवश्यक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की कि ग्राम नागपुर को भानुपुर विद्युत उपकेंद्र से जोड़ा जाए। उनका कहना है कि भानुपुर उपकेंद्र की विद्युत लाइन गांव के समीप से होकर गुजरती है, जिससे वहां से कनेक्शन मिलने पर गांव को बेहतर और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकती है।
इसी मांग को लेकर ग्राम नागपुर से करीब 150 किसान एवं ग्रामीण विद्युत विभाग केंद्र बिसौली पहुंचे। वहां जूनियर इंजीनियर (JE), उपखंड अधिकारी (SDO) तथा अधिशासी अभियंता (XEN) की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने विभागीय कर्मचारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन देने वालों में वीरू मौर्य, अनिल, रामसेवक, मदनलाल, राजवीर सागर, देवेंद्र, रोशनलाल, दिनेश शाक्य, सुरेश शाक्य, अनिल कुमार, किशन गुप्ता, डिंपल शर्मा, शकील अहमद, रामनिवास शाक्य, माखन लाल, बनवारी शाक्य सहित सैकड़ों किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।