कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी ने रात्रि में कछला गंगा घाट व यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण “जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट” के लक्ष्य के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश
बदायूं (जे०आई०न्यूज़) बताते चलें श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शनिवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रा के दौरान “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर नौकायन कर घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, आवागमन और घाट पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थल, सीसीटीवी कैमरों तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों एवं कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।